अलीगढ़ जिले के जलाली चौकी क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर रिश्ते की बहन को रास्ते से घर में खींचकर 18 वर्षीय भाई ने दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को बताने पर मुंह दिखाने लायक न छोड़ने की धमकी दी। वहां से रोते-बिलखते हुए अपने घर लौटी किशोरी ने लोकलाज के भय से विषाक्त पदार्थ खा लिया।
गंभीर हालत में परिवार वालों ने उसे पं. दीनदयाल संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की शाम करीब चार बजे पीड़िता की मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
जलाली चौकी क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे घर से अपने घेर पर जा रही 16 वर्षीय किशोरी को उसके ही खानदानी भाई ने पकड़कर अपने घर के अंदर खींच लिया। जोर-जबरदस्ती करते हुए उसने किशोरी से दुष्कर्म किया। वहां से रोते बिलखते हुए घर लौटी किशोरी ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
कुछ देर बाद ही उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों को जानकारी हुई तो वह तत्काल ही किशोरी को लेकर पं. दीनदयाल संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे जहां मंगलवार की शाम चार बजे के करीब पीड़िता की मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पनैठी तिराहे से उसे दबोच लिया।

