खंडासा क्षेत्र में 10 दिनों से गैस सप्लाई ठप, ग्रामीणों की रसोई पर संकट

खंडासा क्षेत्र में 10 दिनों से गैस सप्लाई ठप, ग्रामीणों की रसोई पर संकट

(डॉ अजय तिवारी जिला संवाददाता)

अयोध्या।खंडासा और अमानीगंज क्षेत्र इन दिनों गंभीर गैस संकट से जूझ रहा है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है, जिन्हें रोजमर्रा का भोजन बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते करीब दस दिनों से गैस एजेंसियों पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। उपभोक्ताओं ने समय पर बुकिंग कराई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें डिलीवरी नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में कई परिवार लकड़ी, कोयला और अन्य पारंपरिक साधनों से खाना बनाने को विवश हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। ग्राहकों का आरोप है कि अमानीगंज और खंडासा क्षेत्र की गैस एजेंसियों में लंबे समय से आपूर्ति बाधित है, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। कई लोगों ने कालाबाजारी की आशंका भी जताई है और इस संबंध में शिकायतें भी सामने आई हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में गैस एजेंसी संचालकों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।वहीं, जब इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा से बातचीत की गई, तो उन्होंने गैस की कमी से इनकार किया।इधर, क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है,ताकि आम जनता को राहत मिल सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *