ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन सोसाइटी में मंगलवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में 16वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान संध्या (18) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। उसके पिता सोसाइटी में कपड़ों पर प्रेस करने का काम करते हैं, जिसके चलते युवती का वहां आना-जाना था।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज में युवती अकेले लिफ्ट से ऊपर जाती हुई दिखाई दी है। 16वीं मंजिल पर भी वह अकेले उतरती नजर आई। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और विस्तृत जांच जारी है।
परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए इसे साजिश करार दिया है। मृतका के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती और आशंका जताई कि किसी ने उसे ऊपर बुलाकर धक्का दिया हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण शामिल है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

