आर एल पाण्डेय
लखनऊ। सिटी बसों को पत्रकारपुरम के स्थान पर गोमतीनगर थाने से पंजाब नेशनल बैंक से रेलवे स्टेशन के सामने से होते हुए शहीद पथ से हुसड़िया चौराहे चलाने की मांग गोमतीनगर विवेक खण्ड 3&4 जनकल्याण समिति की प्रबंध समिति की बैठक में की गई। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष इं. वी.के. मिश्र ने बताया कि विवेक खण्ड व विनय खण्ड के रूट पर स्थित महामना मालवीय विद्यालय, जे.एम.डी. पब्लिक इण्टर कालेज, टी.डी. गर्ल्स इण्टर कालेज, सेण्ट कोलम्बस स्कूल, इण्डियन पब्लिक स्कूल, राजकीय गर्ल्स कालेज, भारतीय विद्या भवन इण्टर व डिग्री कालेज आदि स्थित हैं तथा उनके छात्र छात्राओं को इस बस सेवा का लाभ मिलेगा तथा गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्री भी लाभान्वित होंगे तथा कैप्टन मनोज पाण्डेय चौराहे से हुसड़िया चौराहे तक ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
समिति के सचिव रूप कुमार शर्मा ने बताया कि विवेक खण्ड 3 व 4 की खराब सड़कों को बनवाने हेतु नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन जी को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया था जिस पर माननीय मंत्री जी के आदेश पर नवम्बर में किसी भी समय सड़कों के नवीनीकरण का कार्य आरम्भ होने की सूचना प्राप्त हुई है ।इस हेतु मंत्री जी को धन्यवाद दिया गया। सुब्रत राय ने विवेक खण्ड में कई पेड़ों की छंटाई कराने के सम्बंध में कहा। नगर विकास मंत्री जी के द्वारा टंकी वाला पार्क, विवेक खण्ड 2 में योग व दुर्गा पूजा हेतु 400 वर्ग फीट का एक पक्का प्लेटफार्म निर्माण कराये जाने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया तथा मांग की गई कि उक्त प्लेटफार्म पर शेड का निर्माण भी करवाया जाये ताकि बारिश में नागरिकों को योग करने में बाधा न हो। समिति के अध्यक्ष वी.के. मिश्रा ने बताया कि विवेक खण्ड 2 स्थित टंकी पार्क के सौन्दरीकरण हेतु मा0 नगर विकास मंत्री जी से अनुरोध किया गया था जिसकी स्वीकृति हो चुकी है एवं यह सभी कार्य शीघ्र ही शुरू होने की सम्भावना है।
बैठक में सर्व श्री ए.के. खण्डेलवाल, के.आर. गुप्ता, हरीश चन्द्र गुप्ता, विनोद कुमार पाण्डेय, सुब्रत रॉय, मनोज बोस, एस.के. मुखर्जी, एस.के. श्रीवास्तव, एस.पी. आर्य, आर.के. अधौलिया, ए.एल. केसरवानी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष इं. वी.के. मिश्रा ने उपस्थित सभी सदस्यों तथा रूप कुमार शर्मा को धन्यवाद दिया।

