ग्राम पंचायत पुरवा में सर्व शिक्षा अभियान फ्लॉप, 200 से अधिक बच्चे स्कूल से दूर लाइफ केयर फाउंडेशन की जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

ग्राम पंचायत पुरवा में सर्व शिक्षा अभियान फ्लॉप, 200 से अधिक बच्चे स्कूल से दूर
लाइफ केयर फाउंडेशन की जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

गोरखपुर ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी

उरुवा (गोरखपुर)। विकास खंड उरुवा के ग्राम पंचायत पुरवा में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सर्व शिक्षा अभियान हांफती नजर आ रही है। लाइफ केयर फाउंडेशन की स्थलीय जांच रिपोर्ट ने शिक्षा व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है।

करीब साढ़े तीन हजार की आबादी वाले इस ग्राम पंचायत में 0 से 14 वर्ष के 200 से अधिक बच्चे अब भी स्कूल नहीं जा रहे हैं। यह आंकड़ा शासन की शिक्षा नीति और जमीनी अमल के बीच की खाई को साफ दिखाता है।

ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय पुरवा में नामांकन मात्र 23 बच्चों का ही दर्ज है। वहीं, अन्य तीन विद्यालय — पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुरवा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलुआ और पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटका में भी नामांकन बेहद कम पाया गया।

लाइफ केयर फाउंडेशन की टीम ने बताया कि उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों की स्थिति का आकलन किया। कई परिवारों में बच्चे मजदूरी, पशुपालन या घरेलू कामों में लगे मिले। अधिकांश अभिभावकों ने आर्थिक तंगी और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी को प्रमुख कारण बताया।

फाउंडेशन ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि स्कूली शिक्षा से वंचित बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में शिक्षा का स्तर और नीचे जा सकता है। उन्होंने ग्राम प्रधान और खंड शिक्षा अधिकारी से भी आग्रह किया है कि गांव में जागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाए।

रिपोर्ट के अनुसार, “सर्व शिक्षा अभियान का उद्देश्य हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना था, परंतु पुरवा में यह लक्ष्य अब भी अधूरा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *