ग्रेटर नोएडा के एक पेट्रोल पंप की टंकी में पानी मिल जाने से कई वाहन हुए खराब, हजार लीटर से ज्यादा ईंधन हुआ बर्बाद

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर पाई-1 में इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। यहां पेट्रोल में पानी मिल जाने के कारण करीब 20 वाहन अचानक खराब हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उपभोक्ताओं ने विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, कई वाहन चालक पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही पंप से कुछ दूरी पर पहुंचे, उनकी गाड़ियां बंद पड़ गईं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी समझी गई, लेकिन जब एक के बाद एक कई वाहन प्रभावित हुए तो लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद सभी प्रभावित ग्राहक वापस पेट्रोल पंप पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि पेट्रोल टैंक में पानी मिल गया था, जो सीधे वाहनों में चला गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, एक ट्रक की टक्कर से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे बारिश का पानी टैंक में प्रवेश कर गया और पेट्रोल दूषित हो गया।
इस घटना में लगभग 10 कारें और 10 मोटरसाइकिलें प्रभावित हुईं। कई वाहनों को मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराया गया, जबकि कुछ वाहन पंप परिसर में ही खड़े रहे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पूर्ति विभाग की टीम भी जांच के लिए पहुंची और सैंपल लेकर जांच शुरू की। पेट्रोल पंप प्रबंधन ने प्रभावित ग्राहकों को मुआवजा देने की बात स्वीकार की है।
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के अनुसार “पाइपलाइन टूटने के कारण पानी टैंक में चला गया था। फिलहाल पूरे टैंक को खाली कर साफ कराया जा रहा है। इस घटना में करीब हजार लीटर से ज्यादा पेट्रोल खराब हुआ है।”
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *