ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली किंग्स वुड गोल्ड होम्स सोसाइटी में एक चौंकाने वाली आपराधिक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने घरेलू सहायिका (मेड) बनकर घर में प्रवेश किया और बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया, जिसके बाद वह नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता शांति मिश्रा अपनी बहू के साथ फ्लैट में रहती हैं। उनकी बहू पिछले कुछ समय से घर के काम के लिए मेड की तलाश कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार दोपहर एक महिला फ्लैट पर पहुंची और खुद को काम के लिए इच्छुक मेड बताया। उस समय बहू घर पर मौजूद नहीं थी, इसलिए शांति मिश्रा ने उसे शाम को आने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी दौरान महिला ने मौका पाकर शांति मिश्रा को किसी नशीले पदार्थ का प्रभाव देकर बेहोश कर दिया। पीड़िता के बेहोश होते ही आरोपी ने घर में रखी नकदी, गले का मंगलसूत्र और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया और फरार हो गई।
करीब एक घंटे बाद जब शांति मिश्रा को होश आया तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी महिला की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन के घर में प्रवेश न दें और घरेलू सहायकों को रखने से पहले उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच अवश्य करें।

