जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को दी कड़ी हिदायत, अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्रवाई*
ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
गोरखपुर जिला मजिस्ट्रेट / जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को एनेक्सी भवन सभागार में सदर तहसील के अंतर्गत विधानसभा 322 गोरखपुर सदर के 417 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और 43 सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता की। दो चरणों में आयोजित इस प्रशिक्षण में बूथ संख्या 1 से 200 तक के लिए सुबह 12 से 2 बजे और 201 से 417 तक के लिए दोपहर 3 से 5 बजे तक सत्र आयोजित किए गए।
डीएम ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और निर्वाचन प्रक्रिया में ईमानदारी से दायित्व निभाने की कड़ी हिदायत दी।
डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों से निर्वाचन संबंधी सवाल पूछकर उनकी जानकारी परखी। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के लिए फॉर्म 6 और 7 को सही ढंग से भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। डीएम ने कहा कि बीएलओ का दायित्व है कि वे जनसामान्य की वोटर आईडी संबंधी समस्याओं को समझें और आयोग के मानकों के अनुसार बूथ पर सभी सुविधाएं सुनिश्चित करें।

