जौनपुर में 21 अप्रैल से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
जौनपुर। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार हेतु श्री सनातन परिवार फाउंडेशन नैमिषारण्य द्वारा जनपद में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन नगर स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में 21 अप्रैल से प्रारंभ होगा, जबकि कथा का विधिवत वाचन 22 अप्रैल से शुरू होगा।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक शिवानंद भाई श्री महाराज के मुखारविंद से होने वाली इस कथा में बड़ी संख्या में सनातन धर्म के अनुयायियों के जुटने की संभावना है। इस संबंध में देश की उपासना ब्यूरो से बातचीत करते हुए महाराज ने बताया कि 21 अप्रैल को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिससे पूरे आयोजन का शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया जाएगा, जिससे लोग अपने जीवन में उनके आदर्शों को अपनाकर जीवन को सार्थक बना सकें। साथ ही अंतिम दिन फूलों की होली एवं विभिन्न कलाकारों द्वारा भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
महाराज ने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करें और धर्म लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनपद में पूर्व में भगवान श्रीराम की कथाएं कई विद्वान कथावाचकों द्वारा सुनाई जा चुकी हैं, ऐसे में इस बार भागवत कथा का आयोजन विशेष रूप से किया जा रहा है, ताकि सनातन धर्म के अनुयायी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं से और अधिक परिचित हो सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन हनुमान जी की कृपा से सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

