जौनपुर में SSP का सख्त एक्शन, लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
जौनपुर। यूपी के जौनपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को बुधवार को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सरपतहा थाने के हेड कॉन्स्टेबल महफूज हाशमी, लाइन बाजार थाने के कॉन्स्टेबल परितोष सिंह तथा सुरेरी थाने के कॉन्स्टेबल हिमांशु राव शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन तीनों की कार्यप्रणाली को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की समीक्षा कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई। इसके बाद तत्काल प्रभाव से तीनों को निलंबित कर दिया गया।
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में कोताही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ लापरवाही या शिकायत पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें बर्खास्तगी भी शामिल हो सकती है। इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

