डीएम ने रामपुर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का किया निरीक्षण, समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
जौनपुर,03 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार को नगर पंचायत रामपुर स्थित एसपीएस कंप्यूटर सेंटर पर आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्री कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मौके पर किसानों के रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में कृषक के नाम, पिता के नाम तथा खतौनी में दर्ज विवरण में अंतर होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री में दिक्कतें आ रही हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और लेखपालों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों को खतौनी में संशोधन कर जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रजिस्ट्री कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
जिलाधिकारी ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्याम अनुज पांडे को जिलाधिकारी द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं, नायब तहसीलदार संदीप सिंह, कृषि विशेषज्ञ जय प्रकाश गुप्ता तथा लेखपालों की टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम में लेखपाल विपिन यादव, रतन बहादुर यादव, मिथिलेश कुमार, श्याम कार्तिक, अवधेश कुमार, डॉ. संतोष पांडेय सहित ग्राम प्रधान राघोरामपट्टी मुरलीधर मिश्रा, अमित सिंह, समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

