ढीले बिजली तार से शॉर्ट सर्किट, आग में जलकर खाक हुई गेहूं की फसल*

ढीले बिजली तार से शॉर्ट सर्किट, आग में जलकर खाक हुई गेहूं की फसल*

सुल्तानपुर

तहसील क्षेत्र के गौरा-बरामऊ गांव के पूरे बरवन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किसान की पकी हुई गेहूं की फसल को पल भर में राख कर दिया। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मेहनत से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास की अन्य फसलें बच गईं।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राकेश यादव के खेत के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की बिजली लाइन के ढीले तार आपस में टकरा गए, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि तार काफी समय से ढीले और जर्जर हालत में लटक रहे हैं। बताया गया कि एक कौवा तार पर बैठा, जिससे दोनों तार आपस में टकरा गए और निकली चिंगारी से खेत में खड़ी पकी हुई गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेज रूप ले लिया और लगभग एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।राजस्व टीम से लेखपाल अमित यादव मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रहे है।
ग्रामीण शिव कुमार मिश्रा ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि जब से यह लाइन डाली गई है, तभी से तार और खंभे जर्जर हालत में हैं। तेज हवा या पक्षियों के बैठने पर तार अक्सर आपस में टकरा जाते हैं और इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन काफी देर तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। अंततः ग्रामीणों ने ही कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जर्जर बिजली तारों को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में किसानों को ऐसे नुकसान से बचाया जा सके।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सल्लू भी मौके पर मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *