दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान पर आई महिला ग्राहक 26 ग्राम सोना लेकर फरार, पुलिस जाँच मे जुटी
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।जिले के कोठी मोहल्ला स्थित व्यस्त बाजार में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नकाबपोश महिला ने महेश ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर पहले जेवर देखी फिर जेवर लेकर दिनदहाड़े हुई फरार। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।दोपहर करीब दो बजे दुकान पर सामान्य रूप से ग्राहकों का आवागमन चल रहा था।इसी बीच चेहरा ढके एक महिला अचानक दुकान में दाखिल हुई और तमंचा निकालकर दुकानदार को आतंकित कर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, महिला ने काउंटर में रखे करीब 26 ग्राम सोने के हार व चेन समेट लिए और तेजी से मौके से फरार हो गई। पूरी घटना कुछ ही पलों में घटित हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए। व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है।पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।सूचना मिलते ही किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस ने महिला के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

