निषादराज जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, “जय निषादराज” के जयकारों से गूंजा जौनपुर

निषादराज जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, “जय निषादराज” के जयकारों से गूंजा जौनपुर

जौनपुर ।यूपी के जौनपुर में भगवान निषादराज की जयंती पर रविवार को शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। भगवान निषादराज सेवा समिति के तत्वावधान में निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर “जय निषादराज” के उद्घोष से गूंज उठा।
शोभायात्रा जौनपुर जंक्शन से दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई। आकर्षक झांकियों में भगवान निषादराज के जीवन प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन-कीर्तन, बैंड-बाजों और लोकगीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन भव्य रूप ले सका।
इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद डॉ. विनोद बिंद, सकलदेव बिंद, डॉ. लेखराज सिंह और गीता बिंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भंडारी स्टेशन से शुरू होकर शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जोगियापुर स्थित निषादराज मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए प्रशासन और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *