पाली थाने पर पुलिस अभिरक्षा में पति ने पत्नी को मारी गोली*

*पाली थाने पर पुलिस अभिरक्षा में पति ने पत्नी को मारी गोली*

*महिला की इलाज के दौरान हुई मौत*

*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*

*पाली-(हरदोई)* पाली थाना परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पति ने पुलिस अभिरक्षा में पत्नी को गोली मार दी। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला बीती 7 जनवरी को किसी व्यक्ति के साथ घर से चली गई थी, पति ने 8 जनवरी को सुरजीत पुत्र अरविंद निवासी बख्तावरगंज जिला शाहजहांपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में वादी अनूप निवासी अटरिया रामापुर ने बताया कि उसकी पत्नी सोनी (30) किसी व्यक्ति के साथ चली गई थी। पाली पुलिस ने रविवार को महिला को बरामद कर लिया और महिला को थाने ले आई। सोमवार सुबह लगभग 10:45 बजे महिला का पति आया और मेस से खाना खाकर लौट रही महिला को देखकर उसने अपना आपा खो दिया और अचानक तमंचा निकालकर महिला को पीछे से पीठ पर गोली मार दी।
गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने महिला को जिला अस्पताल हरदोई पहुंचाया जहाँ इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने महिला के पति को मौका ए वारदात अवैद्ध शस्त्र सहित पकड कर हिरासत में ले लिया।महिला आरक्षी संजना राजपूत और इस मुकदमे के आईओ विक्रांत चौधरी को उनके द्वारा जो लापरवाही सामने आई है, पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोपी पति के भाई को भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। दिनदहाड़े थाने के अंदर हुई इस सनसनीखेज घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम की जांच अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी को सौंपी गई है। इसमें किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी विभागीय कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *