पीसीएस परिणाम में चमके बदलापुर के दो सितारे, प्रतिभा बनीं पंचायत राज अधिकारी तो हिमालय बने नायब तहसीलदार

पीसीएस परिणाम में चमके बदलापुर के दो सितारे, प्रतिभा बनीं पंचायत राज अधिकारी तो हिमालय बने नायब तहसीलदार

जौनपुर,। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2024 के सोमवार को घोषित परिणाम में बदलापुर क्षेत्र की दो प्रतिभाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। प्रतिभा यादव और हिमालय सिंह की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
बदलापुर क्षेत्र के श्री गणेश राम इंटर कॉलेज बटाऊवीर शाहपुर के प्रिंसिपल अनिल कुमार की भतीजी प्रतिभा यादव, पुत्री शिवकुमार यादव (पूर्व जेल अधीक्षक), ने पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पंचायत राज अधिकारी का पद हासिल किया है। प्रतिभा की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला अलाउद्दीनपुर से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने राजदेई बालिका इंटर कॉलेज से जूनियर हाईस्कूल तथा राजकीय इंटर कॉलेज इटावा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। बीटेक की पढ़ाई लखनऊ से करने के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर पीसीएस की तैयारी की। तीसरे प्रयास में साक्षात्कार पास कर उन्होंने यह सफलता हासिल की। वर्तमान में वह पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा भी दे रही हैं।
वहीं, बदलापुर विकासखंड के गजेन्द्रपुर गांव निवासी हिमालय सिंह ने 82वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार का पद हासिल किया है। वह नोडल संकुल शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र हैं। हिमालय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की और हाईस्कूल व इंटरमीडिएट श्री बजरंग इंटर कॉलेज घनश्यामपुर से पास किया। इसके बाद प्रयागराज से बीए की पढ़ाई पूरी कर वहीं रहकर पीसीएस की तैयारी की। दूसरे प्रयास में ही उन्होंने सफलता हासिल कर यह मुकाम पाया।
दोनों प्रतिभाओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के सहयोग को दिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *