पुलिसकर्मी बनने के लिए शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक संतुलन, धैर्य और संवेदनशीलता भी जरूरी है: डीएम
डीएम ने प्रशिक्षणरत पुलिस आरक्षियों से किया संवाद, अनुशासन व संवेदनशीलता पर दिया जोर : डीएम
जौनपुर,06 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस आरक्षियों से संवाद कर उनके अनुभवों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आरक्षियों से प्रशिक्षण, दैनिक दिनचर्या, अनुशासन और कार्य व्यवहार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस बल प्रशासन की रीढ़ है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल पुलिसकर्मी बनने के लिए शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक संतुलन, धैर्य और संवेदनशीलता भी जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से जनता के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।
डॉ. चंद्र ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को व्यवहारिक जीवन में अपनाना ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने आरक्षियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में कानून का पालन सुनिश्चित करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। अंत में जिलाधिकारी ने आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

