पूजन हवन के साथ बीआरपी कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ
अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं 11वीं तक विस्तारित, छात्रों का भव्य स्वागत
जौनपुर। बी.आर.पी. इंटर कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ छात्र-छात्राओं के भव्य स्वागत के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर आकर्षक रूप से सजाया गया था। प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों ने रोली, चंदन एवं पुष्प वर्षा के साथ विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया।
नए सत्र की सफलता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए मां सरस्वती और भगवान हनुमान के आशीर्वाद हेतु सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पिछले दो वर्षों में विद्यालय ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर, शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन में लगातार सकारात्मक सुधार किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का पठन-पाठन निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ रहा है।डॉ. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष से विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं शुरू की गई थीं। इस वर्ष इसे और विस्तारित करते हुए कक्षा 6, 7, 8 और 9 के साथ-साथ कक्षा 11 (कॉमर्स एवं साइंस) में भी अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इन कक्षाओं का संचालन जनपद स्तर के कुशल, योग्य और प्रतिष्ठित शिक्षकों द्वारा किया जाएगा।अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए कॉन्वेंट की तर्ज पर एक अलग ब्लॉक स्थापित किया जा रहा है। यहां आधुनिक सुविधाओं और उच्च स्तरीय शिक्षण वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा न्यूनतम (सरकारी) शुल्क पर प्रदान की जाएगी।विद्यालय की अन्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगशालाएं (जीवविज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान) पूरे सप्ताह नियमित रूप से संचालित होती हैं। उच्च स्तरीय उपकरणों के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रायोगिक शिक्षा प्रदान की जाती है।विद्यालय में दो स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। कंप्यूटर शिक्षा के लिए भी अलग से समुचित व्यवस्था है।इसके अतिरिक्त, मोटिवेशनल कक्षाओं का संचालन भी किया जाता है। भाषाई दक्षता को सुदृढ़ करने के लिए कक्षा 6 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रति सप्ताह हिंदी एवं अंग्रेजी की विशेष कक्षाएं अनिवार्य की जा रही हैं। इन कक्षाओं में भाषा ज्ञान, उच्चारण और त्रुटि सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।विद्यालय में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए छात्रों की दैनिक उपस्थिति ऑनलाइन माध्यम से अभिभावकों तक प्रेषित की जाती है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं विज्ञान मॉडल, खेलकूद, वाद-विवाद, निबन्ध, पोस्टर एवं अन्य प्रतियोगिताओं में जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। विद्यालय में प्रतिवर्ष दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन भी अनिवार्य रूप से किया जाता है। सांस्कृतिक गतिविधियों में भी विद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहती है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है।

