बदलापुर में कथित धर्मांतरण मामले में मुकदमा दर्ज, तीन गिरफ्तार:आतिश कुमार सिंह
जौनपुर,06 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में बदलापुर थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में रविवार को सामने आए कथित धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले सोमवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सत्या शुक्ला नामक व्यक्ति द्वारा थाने पर सूचना दी गई थी कि एक घर के अंदर अवैध धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और एक व्यक्ति द्वारा लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया। एएसपी ग्रामीण के अनुसार, सत्या शुक्ला की तहरीर के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अन्य संदिग्ध लोग फरार हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनका उपयोग कथित रूप से धर्मांतरण के प्रचार-प्रसार में किया जा रहा था। इन प्रपत्रों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि थाना अध्यक्ष को निर्देशित किया गया है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। नामजद आरोपियों में से कुछ अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।घटना के दौरान मौके पर बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें अमिताभ मिश्रा, अंकुश शुक्ला, अमित राय, प्रमोद शर्मा और अनुज शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल रहे।

