ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। भारतीय संस्कृति एवं शिक्षा समिति के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस वी के महरोत्रा की स्मृति में मनाया जाने वाला वार्षिकोत्सव, इस वर्ष भी भारतीय विद्या भवन 1. महिला महाविद्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। जस्टिस एस यू खान ( सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारम्भ नवनिर्मित जस्टिस वी के महरोत्रा सेमिनार हाल के उद्घाटन एवं मुख्य अतिथियों के स्वागत से हुआ। मां सरस्वती एवं मेहरोत्रा सर की प्रतिमाओं के माल्यार्पण के बाद मानद सचिव विजय गोपाल ने स्वागत भाषण दिया। सरस्वती वंदना की मनभावन प्रस्तुति के बाद महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ अलका निवेदन ने वार्षिक रिपोर्ट रखी। वीडियो के माध्यम से महाविद्यालय की गौरवपूर्ण यात्रा के भावपूर्ण प्रदर्शन के उपरांत स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित नाटिका आज़ादी के मतवाले ने दर्शकों को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। मेधावी छात्राओं एवं प्रतिष्ठित शिक्षिकाओं के सम्मान के पश्चात संयुक्त सचिव मालती त्यागी, रघुपति वाही, अध्यक्ष मनीष महरोत्रा, मुख्य अतिथि जस्टिस एस यू खान के वक्तव्यों ने सबका उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ संदीप बाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

