मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद दुग्ध विकास आयुक्त ने किया गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण

मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद दुग्ध विकास आयुक्त ने किया गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण

(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)

अयोध्या।गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं भूसा बैंक स्थापना से संबंधित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक दुग्ध विकास आयुक्त धनलक्ष्मी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।उसके बाद को आश्रय स्थलों का निरीक्षण भी किया।बैठक में निराश्रित गोवंश के संरक्षण, गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं तथा उनके नियमित निरीक्षण की गहन समीक्षा की गई। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गोआश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा निरीक्षण के दौरान भूसा, चारा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल एवं गोवंश के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर स्पष्ट नाम पट्ट स्थापित किया जाए तथा केयरटेकर एवं गो-सेवकों की ड्यूटी का समयबद्ध निर्धारण स्पष्ट रूप से किया जाए।मुख्यमंत्री निराश्रित बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंश के सत्यापन एवं फंड रिक्वेस्ट की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी जनपदों को निर्देशित किया गया कि भूसा एवं साइलेज के टेंडर समय से पूर्ण कराए जाएं तथा दरें अनावश्यक रूप से अधिक न हों। साथ ही, नेपियर घास के अधिक उत्पादन के लिए गोचर भूमि का उपयोग करने के निर्देश दिए गए, जिससे वर्षभर पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध हो सके।गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी निगरानी हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। जिन जनपदों में अभी तक यह व्यवस्था नहीं है, वहां शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की इस प्राथमिकता वाली योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन,अपर निदेशक पशुपालन विभाग तथा अयोध्या मंडल के सभी मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *