मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान राशि हड़पने का आरोप, शिक्षक संघ ने डीएम से की शिकायत

मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान राशि हड़पने का आरोप, शिक्षक संघ ने डीएम से की शिकायत

जौनपुर,30 मार्च। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराईगुट) ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों के लिए निर्धारित जलपान राशि में अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया है। संघ ने करीब 12 लाख रुपये की धनराशि हड़पने की आशंका जताते हुए इसकी जांच कराने और राशि सीधे शिक्षकों के खातों में भेजने की मांग की है।
संघ द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 18 मार्च से 1 अप्रैल तक जनपद के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य किया गया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के निर्देशानुसार प्रत्येक परीक्षक को प्रतिदिन 25 रुपये जलपान के लिए दिए जाने का प्रावधान है।
हालांकि, संघ का आरोप है कि किसी भी केंद्र पर उपनियंत्रकों द्वारा न तो जलपान की व्यवस्था की गई और न ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया। जबकि जौनपुर में करीब 4000 परीक्षक इस कार्य में शामिल थे।
संघ के अनुसार, यदि 4000 परीक्षकों को 12 दिनों तक प्रतिदिन 25 रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाता, तो कुल राशि लगभग 12 लाख रुपये बनती है। आरोप है कि यह राशि संबंधित अधिकारियों द्वारा हड़प ली गई।
शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जलपान मद की धनराशि सीधे शिक्षकों के बैंक खातों में उनके पारिश्रमिक के साथ हस्तांतरित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *