
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व दक्षिण से आ रही नम हवाओं के दबाव के चलते आज उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल सकता है। तेज गर्जना के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। झारखंड में दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के हिस्सों पर बना हुआ है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार अफगानिस्तान के पश्चिमी हिस्सों में एक और पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसका असर भारत के मौसम पर पड़ेगा। इसके अलावा दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र झारखंड और उससे सटे गांगेय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण छत्तीसगढ़ से तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है। इन मौसमी सिस्टमों की वजह से देश के अलग अलग हिस्सों में मौसम नरम-गरम रहेगा। कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे।
उत्तराखंड में पारे की उछाल ने लोगों का जीना दुश्वार किया है। हरिद्वार में 40, ऋषिकेश और देहरादून जैसे स्थानों पर 39 डिग्री सेल्सियस तक तापमान चला गया। गर्मी से पस्त लोगों के लिए राहत भरी खबर है कि आज मौसम का मिजाज बदलेगा। बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने के साथ ही तेज अंधड़ के आसार हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने के साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कहीं-कहीं हवाओं की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक मैदान से लेकर पहाड़ों तक तेज गर्जना और ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है।
दिल्ली में चार दिनों से गर्मी सता रही है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इलाका 44.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने आज मौसम बदलने का अनुमान जताया है। बृहस्पतिवार को तेज आंधी व हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है, लेकिन शुक्रवार से फिर तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी।
यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटों में असम, मेघालय और मणिपुर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। शेष पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, आंतरिक तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

