राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सेंट जोसेफ के बच्चों ने ली मतदान करवाने की शपथ

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुये… सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेगें। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विश्व के सबसे बडे़ लोकतांत्रिक देश के लोगों ने मतदान करने की शपथ ली। इस अवसर पर राजधानी में सेंट जोसेफ समूह की सभी शाखाओं में बच्चों को शत-प्रतिशत मतदान करवाने की शपथ दिलवायी गयी।
राजाजीपुरम् पश्चिम विधान सभा क्षेत्र के प्रभारी अनुराग सिंह के द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राजाजीपुरम् शाखा के बच्चों को मतदान करवाने की शपथ दिलवायी गयी। वही इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित निर्वाचन आयोग के बीएलओ व अनेक कर्मचारियों को मतदान करने व दूसरों से मतदान करवाने की शपथ दिलवायी। अनुराग सिंह ने बच्चों को भारतीय गणराज्य में मजबूत लोकतंत्र के लिये मतदान का महत्व भी बताया। बच्चों के साथ अध्यापिकाओं ने भी निष्पक्ष मतदान की महत्ता पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किये।
सेंट जोसेफ समूह के प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि मतदान का दिन एक उत्सव की तरह मनाना चाहिये। साथ ही मतदान में देश के सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिये। देश के सभी नागरिकों का यह कर्तव्य है वे अपने मत का दान अवश्य करें क्योंकि सभी के मतदान करने से ही एक अच्छी सरकार चुन कर सामने आती है। उन्होने बच्चों से कहा कि वे निर्वाचन आयोग के ब्रांड एम्बेसडर है तथा वे दूसरों को मतदान करने की प्रेरणा दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *