वर्तमान सरकार आरक्षण खत्म करने की कोशिश कर रही सरकार : एमएलसी लालबिहारी यादव
जौनपुर,03 अप्रैल। यूपी के जौनपुर स्थित सरायख्वाजा क्षेत्र के जंगीपुर कला स्थित रघुवर गंगा स्मारक बालिका विद्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शिक्षक एमएलसी और समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है और शिक्षकों व युवाओं की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
लालबिहारी यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली और वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार कोई सकारात्मक कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, घोटाले और अपराध बढ़े हैं, जबकि कई विभागों में पद खाली पड़े हैं, जिन्हें भरने में सरकार रुचि नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि बीएड, बीटीसी, पीएचडी, नेट और जेआरएफ जैसी उच्च योग्यताएं रखने के बावजूद युवा बेरोजगार हैं और परिवार चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
उन्होंने परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं बढ़ रही हैं और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
सपा संगठन पर भी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता जमीनी स्तर पर काम करने के बजाय सोशल मीडिया तक सीमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी दिखावे की राजनीति में उलझी हुई है और केवल फोटो खिंचवाकर व्हाट्सएप व फेसबुक पर सक्रिय रहना ही राजनीति मान रही है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांवों में जाकर गरीबों और जरूरतमंदों के बीच काम करें और पार्टी को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को साथ लेकर चलना जरूरी है।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और शिक्षकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र यादव ने किया। इस मौके पर डॉ. जगन्नाथ प्रसाद यादव, राजदेव यादव, मंगरूराम मौर्य, जयहिंद यादव, उदयराज विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

