वासंतिक नवरात्र की नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़,शीतला चौकिया धाम और मैहर में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

वासंतिक नवरात्र की नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़,शीतला चौकिया धाम और मैहर में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

जौनपुर,27 । वासंतिक नवरात्र की नवमी पर शुक्रवार को देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शीतला चौकिया धाम और मां शारदा पीठ मैहर मंदिर परमानतपुर में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।

श्रद्धालुओं को एक से दो घंटे इंतजार के बाद ही दर्शन मिल सके। मंदिरों में सप्तशती के श्लोक गूंज रहे थे, वहीं घट-घड़ियाल और शंख ध्वनि से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

नवरात्र के नौवे दिन महागौरी स्वरूप का पूजन किया गया। मां को कड़ाही चढ़ाने के साथ ही मुंडन आदि संस्कार भी संपन्न हुए। शीतला चौकिया धाम परिसर भोर से ही मां के जयकारों से गूंज उठा। सुबह साढ़े चार बजे मां के पट खुलते ही दर्शन के लिए लालायित श्रद्धालु उमड़ पड़े।

सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग के समीप काली मंदिर और विसर्जन घाट स्थित नवदुर्गा मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालु उमड़ते रहे। सुजानगंज के देवी मंदिरों पर भी भारी संख्या में भक्तों ने पूजन-अर्चन कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसी दौरान प्रभु श्रीराम का भव्य जन्मोत्सव भी मनाया गया, जिसमें कन्याओं का पूजन किया गया। श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर देवी मंदिर में नवरात्र के पावन अवसर पर परिसर भक्ति भाव से सराबोर दिखा। मंदिर ट्रस्ट द्वारा नवरात्र के दौरान प्रतिदिन प्रसाद स्वरूप हलवा वितरित किया गया। ट्रस्टी रविकांत जायसवाल ने इस व्यवस्था की देखरेख की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *