विजन 2047 के सपने को साकार करने हेतु जन सहभागिता अत्यंत उपयोगी- श्री राजकुमार विश्वकर्मा

*विजन 2047 के सपने को साकार करने हेतु जन सहभागिता अत्यंत उपयोगी- श्री राजकुमार विश्वकर्मा*

*विकसित उत्तर प्रदेश की अवधारणा को किया जाएगा साकार*

*विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में शत-प्रतिशत करेंगे सहयोग-जिलाधिकारी*

जौनपुर 11 सितम्बर, 2025 (सू0वि0)- विकसित भारत 2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा ’’समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047’’ अभियान चलाकर प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है।
जिसके क्रम में जनपद के कलेक्ट्रेट सभाागार में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारीगण सेवानिवृत्त आईपीएस श्री राजकुमार विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त आईपीएस श्री प्रमोद कुमार, सचिव मानवाधिकार आयोग श्रीमती धनलक्ष्मी, सेवानिवृत प्रोफेसर पूर्वांचल विश्वविद्यालय श्री धरनीधर दुबे, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ0 सुरेश कनौजिया द्वारा जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक डॉ0 कौस्तुभ की उपस्थिति में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जनपद में अण्डा उत्पादन बढाने, दुग्ध उत्पादन बढाने हेतु नवाचार का प्रयोग और मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट लगाने, सहित अन्य सुझाव दिए गए, जिला मत्स्य अधिकारी ने जनपद में ब्रीडींग सेन्टर की स्थापना, मछलियों के लिए दाना उत्पादन की इकाई लगाने का सुझाव दिये। पर्यटन अधिकारी ने पर्यटन को बढावा देने के सन्दर्भ में अवगत कराया कि मां शीतला चौकियां धाम के सौन्दर्यीकरण करने का प्रस्ताव दिया गया हैं इसके साथ ही अन्य पर्यटन स्थलों के लिए प्रस्ताव दिए जा रहे है। उद्योगो के सन्दर्भ में सुझाव दिये गये कि जनपद में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, एग्रो प्रोसेसिंग इन्डस्ट्रीज, हैवी इन्डस्ट्रीज की स्थापना, हेल्थ इन्डस्ट्रीज की स्थापना आदि की जाए इसके साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा भी विजन 2047 को लेकर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए।
एलडीएम ने अवगत कराया कि जनपद मेें युवाओं के पलायन को रोकने के लिए जिलाधिकारी के नेतृत्व में 1703 युवाओं को सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण वितरित किया गया है जिसमें से कई महिलाओं को भी योजना का लाभ दिया गया है। उन्होने अवगत कराया कि इस योजना में जनपद लगातार प्रथम स्थान पर है। जिसपर नोडल अधिकारीगण ने प्रसन्नता व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ ने जनपद मेें पीएसी की स्थापना, पुलिस ट्रेनिंग सेन्टर की स्थापना, फायर सेन्टर की स्थापना आदि के सुझाव दिये। इस प्रकार विभिन्न विभागों के अधिकारीगण द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित सुझाव यथा कोल्ड चेन की स्थापना, अर्बन डेवलपमेंट, स्वास्थ्य, उद्यम बढ़ाने, रोजगार के अवसर उत्पन्न करने, समितियां के गठन इत्यादि के संबंध में नोडल अधिकारीगण के समक्ष रखें गए जिस पर उन्होंने अपने सुझाव को प्रस्तुत करते हुए कार्य योजना बनाने तथा उसके दिशा में कार्य करने हेतु प्रस्ताव देने इत्यादि हेतु निर्देश दिए।
बैठक में श्री राजकुमार विश्वकर्मा ने कहा कि आने वाले 22 वर्षों में भारत की आर्थिक प्रगति तथा उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु जनसहभागिता के माध्यम से फीडबैक प्राप्त करना अत्यंत उपयोगी होगा, जिससे विजन 2047 के सपने को साकार किया जा सके। उन्होंने ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री एवं मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा पहल की गई है कि अधिक से अधिक लोग सुझाव देकर यह साझा करें कि वर्ष 2047 में वे कैसा उत्तर प्रदेश देखना चाहते हैं। इसी आधार पर समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश की अवधारणा को साकार किया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ी को एक सशक्त, समृद्ध एवं प्रेरणादायी भारत और उत्तर प्रदेश मिले। उन्होंने ने कहा कि 2047 का उत्तर प्रदेश ऐसा होना चाहिए जहाँ-हर युवा को शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। हर गाँव और शहर में आधुनिक आधारभूत सुविधाएँ हों। महिलाएँ सशक्त और आत्मनिर्भर हों। किसान समृद्ध हों और प्रदेश कृषि एवं उद्योग दोनों में अग्रणी बने। हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ हों। सांस्कृतिक धरोहर और परंपराएँ वैश्विक पहचान दिलाएँ।
जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी तथा मा0 मुख्यमंत्रीजी की दूरदर्शी सोच तथा नोडल अधिकारीगण के मार्गदर्शन से निश्चय ही हम इस संकल्प को पूरा कर पाएंगे, उन्होंने सभी अधिकारीगण की ओर से आश्वस्त कराया कि इस संकल्प को पूरा करने में हम अपना शत-प्रतिशत सहयोग देंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया, अपर जिलाधिकारी वि 0/रा0 राम अक्षयबर चौहान सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण, कर्मचारीगण, कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *