वेनेजुएला में भूस्खलन से 43 मौत, पाकिस्तानी सेना में बड़ा फेरबदल

मध्य वेनेजुएला में एक भीषण भूस्खलन के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक कम से कम 43 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने मृतक संख्या और बढ़ने की आशंका भी जताई, क्योंकि अब भी 56 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि लास तेजेरियास में भूस्खलन के कारण 300 से अधिक मकान, 15 कारोबारी प्रतिष्ठान और एक स्कूल तबाह हो गया। लास तेजेरियास में कई पहाड़ी इलाकों में तूफान ‘जूलिया’ के कारण मूसलाधार बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई और मिट्टी धंस गई।

जर्मनी के दक्षिणपंथी नेता ने होलोकॉस्ट मेमोरियल पर ‘डांस’ किया
जर्मनी में इस्राइली राजदूत रॉन प्रोसोर ने बर्लिन के होलोकॉस्ट मेमोरियल पर कथित तौर पर ‘डांस’ करने को लेकर दक्षिणपंथी दल ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ के एक सदस्य की आलोचना की है। प्रोसोर ने कहा, दक्षिणपंथी नेता होल्गर विंटरस्टीन ने खुद को और अपनी पार्टी को शर्मिंदा किया है।

सोशल मीडिया पर साझा एक तस्वीर में विंटरस्टीन को बर्लिन में होलोकॉस्ट मेमोरियल (नाजी नरसंहार के शिकार 60 लाख से अधिक यहूदियों की याद में बनाया गया स्मारक) पर लगे पत्थर के एक स्लैब के साथ बाहें फैलाकर डांस करते दिख रहे हैं।

जर्मन मीडिया ने दावा किया है कि यह तस्वीर शनिवार को दक्षिणपंथी उदारवादी राजनीतिक दल ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ द्वारा आयोजित एक विरोध-प्रदर्शन के बाद ली गई थी। ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ ने कहा था कि पार्टी विंटरस्टीन के ‘बेहद अपमानजनक व्यवहार’ के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

पाकिस्तानी सेना में बड़ा फेरबदल
पाकिस्तान की सेना में उच्चस्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। 12 मेजर जनरलों को पदोन्नत कर लेफ्टिनेंट जनरल बना दिया गया है। इससे नवंबर के अंत में सेनाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है।

डॉन अखबार की खबर के मुताबिक, ताजा प्रोन्नति को सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा का सेवानिवृत्ति से पहले अहम फैसला माना जा रहा है। प्रोन्नति पाने वाले इन 12 अधिकारियों को नए सेनाध्यक्ष की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।

 

स्विट्जरलैंड में बुर्का पहनने पर 82 हजार जुर्माने का प्रस्ताव
स्विट्जरलैंड सरकार ने  संसद को एक कानून का मसौदा भेजा है। इसमें देश में बुर्के पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर 82,677 रुपये जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है। सरकार बुर्के पर प्रतिबंध सख्ती से लागू कराना चाहती है। पिछले साल सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने के मुद्दे पर कराए गए जनमत संग्रह में इस दक्षिणपंथी प्रस्ताव को करीबी जीत मिली थी। प्रस्ताव में सीधे इस्लाम का जिक्र नहीं किया गया है। इसका मकसद सड़कों पर मास्क पहनकर हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर लगाम लगाना भी है।

एबीसी-इंडिया के महासचिव होर्मुज्द मसानी एपीएबीसी के प्रेसिडेंट निर्वाचित
ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (एबीसी) इंडिया के महासचिव होर्मुज्द मसानी को सर्वसम्मति से एशिया पैसिफिक ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्टिफिकेशन (एपीएबीसी) का एक बार फिर प्रेसिडेंट चुन लिया गया है। इंटरनेशनल फैडरेशन ऑफ ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्टिफिकेशन (आईएफएबीसी) की पिछले दिनों संपन्न बैठक में मसानी को कार्यकारी बोर्ड का सदस्य (मानद कोषाध्यक्ष) भी चुना गया है। आईएफएबीसी के कार्यकारी बोर्ड में भारत के साथ ही ऑस्ट्रिया, ब्राजील, फ्रांस, जर्मनी, रोमानिया, स्पेन, ब्रिटेन और अमेरिका से भी प्रतिनिधि हैं।

मसानी वर्ष 2008 से लगातार आईएफएबीसी के कार्यकारी बोर्ड में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आईएफएबीसी ने अपनी इस महासभा में विश्वस्तर पर मीडिया में ऑडिटिंग और आकलन में नवोन्मेष और सर्वोत्तम कार्यप्रणाली लागू करने के बारे में विचार विमर्श भी किया। आईएफएबीसी मीडिया में विश्वास और पारदर्शिता का समर्थन करने वाले सहयोगी समाधान विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है, मसानी दिसंबर 1998 से भारत के ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (एबीसी) के महासचिव हैं।

आदर्श स्विका बने कुवैत में भारत के नये राजदूत
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ आदर्श स्विका को कुवैत में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वह भारतीय विदेश सेवा के 2002 बैच के अधिकारी हैं। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि उनके जल्द ही दायित्व संभालने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने इसके साथ ही अवतार सिंह को गिनी गणराज्य में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। वह वर्तमान में विदेश मंत्रालय में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

आतंक के खिलाफ खैबर पख्तूनख्वा में प्रदर्शन तेज
पाकिस्तान के स्वात क्षेत्र में हुई आतंकी घटना के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। खैबर पख्तूनख्वा में जगह-जगह पर लोग हाथ में तख्तियां और बैनर लेकर निकले, उनकी मांग है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। बता दें कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को आतंकियों ने एक स्कूल वैन पर गोलियां चला दीं, जिसमें एक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए सरकार से निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में सभी प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए कहा। स्वात क्षेत्र में आतंक के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया जा रहा है। वहीं पाकिस्तान के पूर्व विधायक रजा रब्बानी ने एक स्कूल वैन पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की।

एचयूएल व गोदरेज ने 15% तक घटाईं साबुन की कीमतें
पाम तेल और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के सस्ता होने के कारण हिंदुस्तान यूनिलीवर लि (एचयूएल) और गोदरेज कंज्यूमर ने साबुन की कीमतों में 15% तक की कटौती की है। एचयूएल ने लाइफब्वॉय और लक्स का भाव पश्चिमी राज्यों में 5-11% तक घटाया है। गोदरेज नंबर 1 की कीमत 13 से 15 फीसदी तक घटाई गई है।

कीमतों में गिरावट से दूसरी छमाही में उत्पादों की बिक्री में तेजी आएगी। गोदरेज कंज्यूमर के मुख्य वित्तीय अधिकारी समीर शाह ने कहा, कमोडिटी के कम भाव का फायदा ग्राहकों को दिया गया है। बंडल पैक (100 ग्राम वाले 5 साबुन) की कीमतें 140 रुपये से घटाकर 120 रुपये कर दी है।

कंपनियों ने घटाया था उत्पादों का वजन 
एचयूएल ने एक साल में साबुन के वजन में कमी की है। पर अब कीमतें घटाने के बाद वापस पुराने वजन के आधार पर साबुन मिल रहा है। कच्चे माल का दाम बढ़ने से एफएमसीजी कंपनियों के मार्जिन पर असर पड़ा था। इससे वजन में कटौती की थी।

जल्द होगा पवन हंस की बिक्री पर फैसला
अल्मास ग्लोबल अपॉर्च्युनिटी फंड के फिलाफ एनसीएलटी में लंबित मामले पर स्पष्टता के बाद सरकार पवन हंस की रणनीतिक बिक्री पर इस माह अंतिम फैसला ले सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि पवन हंस में सरकार की 51 और ओएनजीसी का 49% हिस्सा है। इस मामले की सुनवाई इसी महीने एनसीएलटी में होनी है। एजेंसी

अमेरिका को 31 दिसंबर तक होगा चीनी निर्यात
भारतीय चीनी निर्यातक टैरिफ रेट कोटा (टीआरएफ) के तहत 31 दिसंबर तक अमेरिका को चीनी निर्यात कर सकते हैं। पहले इसकी अनुमति 30 सितंबर तक थी। विदेशी व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने बुधवार को कहा कि कच्ची चीनी ये निर्यात की समय सीमा बढ़ा दी गई है।

विप्रो के मुनाफे में 9.6% की गिरावट
विप्रो को दूसरी तिमाही में 2,649 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले समान तिमाही की तुलना में यह 9.6 फीसदी कम है।  कंपनी ने कहा कि गैर अमेरिकी बाजारों से कम ग्राहक मिलने के कारण फायदे में गिरावट आई है। एजेंसी

एसबीआई : होम लोन 6 लाख करोड़ के पार
एसबीआई का होम लोन 6 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। जनवरी, 2021 में यह 5 लाख करोड़ था। बैंक ने बताया कि 6 लाख करोड़ तक पहुंचने वाला यह पहला बैंक है। बैंक ने कई सारे त्योहारी ऑफर भी पेश किए हैं। एजेंसी

एचसीएल का फायदा सात फीसदी बढ़ा
एचसीएल टेक को सितंबर तिमाही में 3,489 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की तुलना में यह 7% अधिक है। राजस्व 19.5% बढ़कर 24,686 करोड़ रुपये रहा है। बोर्ड ने 10 रुपये प्रति शेयर लाभांश देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *