सपा केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है पीडीए की बात सिर्फ दिखावे के लिए करती है: ओम प्रकाश राजभर

सपा केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है पीडीए की बात सिर्फ दिखावे के लिए करती है: ओम प्रकाश राजभर

जौनपुर में ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, सपा और पीडीए राजनीति पर उठाए सवाल

जौनपुर,03 अप्रैल। यूपी के जौनपुर एक निजी कार्यक्रम में शुक्रवार को भाग लेने पहुंचे सुहेल देव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने डाक बगले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा में शामिल मुस्लिम नेताओं में इतनी क्षमता नहीं है कि वे अखिलेश यादव से यह कह सकें कि अगली बार किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति विरोधाभासों से भरी है। उन्होंने कहा कि “मारने वाले और मार खाने वाले एक ही दल में शामिल हो गए हैं”, जिससे पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनावी मुद्रा में आ चुके हैं, लेकिन सपा की रणनीति कमजोर दिखाई दे रही है।
दादरी को लेकर उन्होंने अखिलेश यादव के निर्णय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने गलत जगह का चयन किया। राजभर के अनुसार, अखिलेश यादव के शासनकाल में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कार्रवाई हुई थी, जिससे आज भी नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस वर्ग को जोड़ने के लिए अखिलेश प्रयास कर रहे हैं, वहां भी उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।
धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव कभी मस्जिद में नमाज पढ़ते नजर आते हैं, लेकिन राम मंदिर दर्शन के लिए नहीं जाते और मथुरा जाने से भी बचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात सिर्फ दिखावे के लिए करती है।
राजभर ने यह भी कहा कि सपा सरकार के दौरान आरक्षण को नुकसान पहुंचाया गया और महापुरुषों के नाम पर चल रही योजनाओं को बंद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अब न दलितों, न पिछड़ों और न ही मुसलमानों का भरोसा जीत पा रही है। साथ ही राजभर ने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और आने वाले चुनाव में सही निर्णय लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *