सब पढ़ें–सब बढ़े की गूंज से जागा गांव, स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली

सब पढ़ें–सब बढ़े की गूंज से जागा गांव, स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली

सुलतानपुर

शिक्षा क्षेत्र बल्दीराय के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बल्दीराय तथा प्राथमिक विद्यालय पूरे फत्ते भरसैयां में स्कूल चलो अभियान और अभिभावक संपर्क अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।
कंपोजिट विद्यालय बल्दीराय में निकाली गई रैली का नेतृत्व प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्चना द्विवेदी ने किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय पूरे फत्ते भरसैयां में रैली का नेतृत्व प्रधानाध्यापक शिवा जी यादव ने किया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारम्भ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “सब पढ़ें–सब बढ़ें”, “आओ स्कूल चलें”, “शिक्षा है उज्ज्वल भविष्य की कुंजी” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने गांव में घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया और अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को सरकार द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, ड्रेस, मध्यान्ह भोजन, जूते-मोजे सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक श्रीमती अंजलि विश्वकर्मा, अवध राज, सत्येंद्र श्रीवास्तव, विपिन कुमार, मृदुल शर्मा तथा शिक्षामित्र स्नेह लता सिंह, धनञ्जय सिंह, शिव कुमार वर्मा, नामिता द्विवेदी और रीना देवी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *