10 से 25 सितम्बर तक चलेगा खाद्यान्न वितरण का कार्य
ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
गोरखपुर। जनपद के अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला पूर्ति अधिकारी रामेन्द्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि माह सितम्बर 2025 के खाद्यान्न का वितरण 10 सितम्बर से 25 सितम्बर तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वितरण अवधि में ई-पॉस मशीनें सुबह 8 बजे से 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेंगी। लाभार्थी अपनी सुविधा अनुसार इस अवधि में अपनी उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं।
अन्त्योदय कार्डधारकों को उनके कार्ड पर 14 किलो गेहूँ, 21 किलो चावल कुल 35 किलो खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। इसके साथ ही 3 किलो चीनी प्रति कार्ड ₹18 प्रति किलो की दर से मात्र ₹54 में दी जाएगी।
वहीं, पात्र गृहस्थी (पीएचएच) लाभार्थियों को प्रति यूनिट 5 किलो खाद्यान्न — जिसमें 2 किलो गेहूँ और 3 किलो चावल शामिल हैं — निःशुल्क वितरित होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कार्डधारक को उचित मूल्य की दुकान के वितरण को लेकर कोई शिकायत होती है, तो वह अपनी शिकायत संबंधित उपजिलाधिकारी अथवा जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में दर्ज करा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करते हुए लाभार्थियों की समस्या का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

