रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव
पाली-(हरदोई) पाली थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में आने वाले त्यौहारों को लेकर चर्चा हुई। जिसमें आने वाले त्यौहार दुर्गा पूजा, चेहल्लुम, नवरात्रि, दशहरा पर्व को लेकर सभी वर्गों के लोगों के साथ पुलिस प्रशासन ने बैठक की। इस बैठक में पाली नगर समेत क्षेत्र के सभी वर्गों के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया और त्यौहार में होने वाली समस्याओं के बारे में भी पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सीओ हेमंत उपाध्याय ने बैठक में उपस्थित समाज सेवी एवं गणमान्य व संभ्रांत लोगों से कहा कि आने वाले सभी त्यौहार को गंगा जमुनी तहजीब एवं आपसी भाईचारे के साथ एकता एवं उत्साह व शांति के साथ मनायें और उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों पर नगर व क्षेत्र में शांति बनाये रखने हेतु नगर व क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति के बारे में जानकारी रखें और संदिग्ध व्यक्ति प्रतीत होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें साथ ही एक अच्छे नागरिक की भूमिका निभाएं।अफवाह फैलाने व शांति भंग का प्रयास करने वाले लोगों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। पाली थानाध्यक्ष सुनील दत्त कौल ने कहा कि किसी तरह की अफवाह फैलाने एवं शांति भंग करने का प्रयास करने वाले लोगों को बिल्कुल बख्शा नहीं जायेगा और उन पर कड़ी कार्यवाही के साथ आगामी त्योहार पर हर जगह पुलिस नजर रखेगी। बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार पीयूष भार्गव ने कहा कि आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। इस अवसर पर अहमद अली, रजनीश गुप्ता,सरोज मिश्रा, कपिल अवस्थी, मनोज गुप्ता,रामू अग्निहोत्री, अमर पाल कश्यप,मुकेश गुप्ता,आदि बड़ी संख्या में संभ्रांत जन मौजूद रहे।

