थ्रेशर हादसे में मृतक के परिवार को 5 लाख की सहायता, एक सप्ताह में कई योजनाओं का लाभ

थ्रेशर हादसे में मृतक के परिवार को 5 लाख की सहायता, एक सप्ताह में कई योजनाओं का लाभ

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील के ग्राम भदराव निवासी मुलायम बनवासी की थ्रेशर दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिवार को राहत प्रदान की है। यह हादसा एक सप्ताह पूर्व गेहूं मड़ाई के दौरान हुआ था, जब थ्रेशर मशीन में फंसे रक्षा धागे के कारण उनका हाथ मशीन में चला गया और उनकी मृत्यु हो गई।
जनसुनवाई के दौरान इस घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की सक्रियता के चलते महज एक सप्ताह के भीतर ही मृतक की पत्नी पूजा को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इसके अलावा परिवार को आवास योजना का स्वीकृति पत्र, कृषि पट्टा, निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ तथा अंत्योदय राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया है। पारिवारिक लाभ योजना के लिए आवेदन कराया गया है, जबकि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि परिवार को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, बाल सेवा योजना समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *