साइबर सेल की बड़ी कामयाबी 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद, मालिकों को लौटाए

साइबर सेल की बड़ी कामयाबी 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद, मालिकों को लौटाए

जौनपुर,12 मई। यूपी जौनपुर की साइबर क्राइम सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित कार्यक्रम में एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी सिटी ने बताया कि साइबर क्राइम टीम ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से इन मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक कुल 1640 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 28 लाख रुपये है।
बरामद किए गए मोबाइल फोन जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जनपदों जैसे आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए गए हैं।
मोबाइल कंपनियों में मुख्य रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग के फोन शामिल रहे।
इस दौरान एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं तथा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। साथ ही किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *