विश्व पर्यावरण दिवस पर देववन नक्षत्र वाटिका में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस पर देववन नक्षत्र वाटिका में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम

लखनऊ, 5 जून 2026।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देववन जनकल्याण समिति द्वारा देववन नक्षत्र वाटिका, गोमती नगर, लखनऊ में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर देववन नक्षत्र वाटिका के संस्थापक एवं समिति के अध्यक्ष के. के. जनार्दन नांबियार, महासचिव विशाल ओझा, प्रमोद शर्मा, तेज कुमार मिश्रा, टी पी वर्मा, प्रीति श्रीवास्तव, प्रज्ञा पावर, पूर्व आईजी नागेंद्र कुमार, गोमती नगर जनकल्याण महासमिति के कार्यवाहक महासचिव कर्नल ए. एन. पांडे, संगठन सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सी जी नायर, लीजो जोस, जनसम जेम्स, एडवोकेट अरविंद शिवा एडवोकेट अमित कुमार, प्रकृति ओझा, ट्रीमैन मुकेशनंद, डॉ. संजय पांडे, शशि पांडे, स्वर, अक्षरा, रामपाल, प्रमोद, महेंद्र, सुशील एवं अंकुर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि ट्रीमैन मुकेशनंद द्वारा मलिहाबाद क्षेत्र से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का संग्रह कर उन्हें वाटिका तक लाया गया तथा उपस्थित लोगों को पौधारोपण हेतु वितरित किया गया। उनके इस योगदान की सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए के. के. जनार्दन नांबियार ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वे हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, जल संरक्षण में सहायक होते हैं तथा पृथ्वी को हरित एवं समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से त्रिवेणी पौधों — पीपल, बरगद एवं पाकड़ — के धार्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यावरणीय महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि ये वृक्ष जैव विविधता के संरक्षण, छाया प्रदान करने और पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *