रीडगंज चौराहे पर सफाई के लिए बनेगा चैंबर, होगी नाला की मरम्मत – महापौर
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।रीडगंज चौराहे पर सफाई के लिए चेंबर का निर्माण होगा और नाला की सफाई कराकर मरम्मत कराई जाएगी। यह निर्देश महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम की अधिकारियों को दी। वह नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार एवं अन्य अधिकारियों के साथ नाला सफाई कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।चौक लाइट गेट से सुबह सवा सात बजे निरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई। विकास प्राधिकरण के पुराने कार्यालय के सामने नाला की सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। महापौर के साथ चल रहे पूर्व उपसभापति राजेश गौड़ ने मंगल पांडे वार्ड के इस नाले को सफाई अभियान में न शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई। महापौर रीडगंज चौराहे पर पहुंचे तो वहां नाला में पानी का बहाव बंद था। नाला भी क्षतिग्रस्त नजर आया। महापौर ने नाला की मरम्मत कराने और उस पर पत्थर रखवाने तथा चौराहे पर सफाई के लिए चैंबर बनाने का निर्देश दिया। यहां भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने अशोक वृक्ष के पास चबूतरा बनाने का सुझाव रखा, जिस पर महापौर ने चबूतरा बनाने का भरोसा दिया।यहां से साकेत प्रिंटिंग प्रेस होते हुए महापौर राठहवेली की ओर बढ़े तो नगर आयुक्त ने रामपथ पर वाटर कियाक्स की जांच की। सही पाए जाने पर उन्होंने संतोष जताया। राठहवेली की गली में लोगों की मांग पर नीम के पेड़ की छंटाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद वार्ड के नाले का निरीक्षण किया। कई जगह नाले पर अतिक्रमण पाए जाने पर उन्होंने मलवा हटाने, टूटी पटिया बदलने और नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से नोटिस जारी कर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।यहां चल रही गली का निर्माण कार्य अतिक्रमण के चलते बाधित मिला, जिस पर नगर आयुक्त ने भवन स्वामी को बुलाकर एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी।उन्होंने एक जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर ठीक कराने का निर्देश दिया।यहां से नगर निगम का दल इमामबाड़ा गेट पहुंचा और निरीक्षण के बाद सामने की गली की ओर मुड़ गया। दुर्गा मंदिर से नदीम रजा के घर तक गली में नाली निर्माण का कार्य खराब पाए जाने पर नगर आयुक्त ने ठेकेदार को नोटिस देकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान पार्षद सलमान हैदर ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की एजेंसी की शिकायत दर्ज कराई।यहां लोगों ने बताया कि कूड़ा लगातार जमा होने से दुर्गंध उठती है, जिससे आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है।पार्षद ने ठेका होने के बावजूद नाला निर्माण न होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर नगर आयुक्त ने जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई और एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने का निर्देश दिया।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि मोहल्ला अलीगढ़ में नाला पर पटिया नदारद होने पर महापौर ने पटिया रखवाने का निर्देश दिया। निरीक्षण कार्य परिक्रमा मार्ग तक चला।यहां मंदिर के पास सोलर लाइट का फूल टूटा पाया गया,जिसे बदलवाने का निर्देश महापौर ने दिया।इस दौरान उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र मिश्र, अपर नगर डॉ. नागेंद्र नाथ, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव व भरत सिंह वर्मा, भाजपा नेता सुबोध चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र मिश्र ने महापौर का ध्यानाकर्षण नेहरू पार्क की ओर दिलाया और उसकी बदहाली पर चिंता जताई। महापौर ने विभागीय अधिकारियों को नेहरू पार्क की सफाई कराकर उसे साफ-सुथरा बनाने का निर्देश दिया। इस पार्क की गंदगी का मसला पूर्व में सांसद प्रतिनिधि हामिद जाफर मीशम भी उठा चुके हैं।जबकि राठहवेली में भाजपा नेत्री ज्योति कालरा ने गरीब परिवार की महिलाओं को आवास उपलब्ध कराने को लेकर महापौर का ध्यानाकर्षण कराया, जिस पर उन्होंने अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ को नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से आवास उपलब्ध करवाने का निर्देश दि
या।

