अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अन्तर्गत जौनपुर में “रन फॉर योगा“ का हुआ आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अन्तर्गत स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज लोहिया पार्क, जौनपुर में योगाभ्यास के उपरांत दीप प्रज्ज्वलन कर “रन फॉर योगा“ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग के महत्व एवं नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
“रन फॉर योगा“ रैली का शुभारंभ लोहिया पार्क से हुआ। रैली जिलाधिकारी कार्यालय, जेसीज चौराहा, ओलंदगंज एवं रूहट्टा मार्ग से होते हुए पुनः लोहिया पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने योग अपनाने, स्वस्थ रहने तथा नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने का संदेश दिया।
सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता कर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
“करें योग, रहें निरोग“ के संदेश के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, योगाचार्य अचल हरिमूर्ति, प्रदीप कुमार पांडेय, मनोज कुमार सिंह, अरविंद यादव, नंदलाल, निलेश एवं साक्षी सिंह सहित जनपद के आयुष विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
———–

