गौ रक्षा प्रकरण में 14 गौ रक्षकों को उम्रकैद: राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने फैसले का किया कड़ा विरोध, देशव्यापी ज्ञापन अभियान की घोषणा
लखनऊ।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील में चर्चित गौ रक्षा संघर्ष प्रकरण में अदालत द्वारा 14 आरोपियों को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा ने इस निर्णय का कड़ा विरोध व्यक्त किया है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार कई वर्ष पूर्व कथित गौ तस्करी का विरोध करने के दौरान गौ रक्षकों और तस्करों के बीच संघर्ष हुआ था। घटना के बाद हिंसा एवं आगजनी के आरोपों में पुलिस ने 114 लोगों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया था। मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन था। हाल ही में न्यायालय ने 14 आरोपियों को दोषी करार देते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई है तथा आर्थिक दंड भी लगाया है। अन्य आरोपियों के मामलों पर न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।
राष्ट्रीय युवा वाहिनी का बयान
राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने इस फैसले का कड़े शब्दों में विरोध करते हुए कहा कि संगठन इस निर्णय से सहमत नहीं है और इसके विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।
उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आस्था का आधार हैं तथा उनकी रक्षा प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है। यदि गौ माता की रक्षा करने वालों को कठोर दंड दिया जाता है तो समाज में गौ संरक्षण के प्रति समर्पित लोगों का मनोबल प्रभावित होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी इस प्रकरण का अध्ययन कर उच्चतम न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ने हेतु हरसंभव प्रयास करेगी तथा गौ संरक्षण से जुड़े व्यापक मुद्दों पर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग को लेकर आवश्यक कानूनी कदम भी उठाएगी।
देशव्यापी ज्ञापन अभियान
राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के सभी राष्ट्रीय, प्रादेशिक, जिला, तहसील एवं मंडल पदाधिकारियों से आह्वान किया गया है कि वे अपने-अपने जनपदों में जिलाधिकारी (डीएम) एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपें।
संगठन ने यह भी निर्णय लिया है कि ज्ञापन की प्रतिलिपि सभी पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी तथा सभी कार्यकर्ता अपने-अपने नाम से ईमेल एवं अन्य वैधानिक माध्यमों से माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से अवगत कराएं।
प्रमुख मांगें
– गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा प्रदान किया जाए।
– गौ संरक्षण कानूनों को और अधिक प्रभावी एवं कठोर बनाया जाए।
– गौ तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
– गौ संरक्षण के लिए कार्य करने वाले लोगों के हितों और सुरक्षा के लिए उचित नीति बनाई जाए।
राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने स्पष्ट किया कि संगठन संविधान, न्यायपालिका एवं कानून का सम्मान करता है और अपने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील करता है कि वे शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके से अपनी बात रखें तथा ज्ञापन एवं संवैधानिक माध्यमों से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाएं।
हिंदू देव प्रकाश शुक्ला
राष्ट्रीय अध्यक्ष
राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा

