लखनऊ में हुये भीषण अग्निकांड में मृतकों को रेडक्रॉस ने दी श्रद्धांजलि*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी,जनपद शाखा की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ के एक आवासीय क्षेत्र स्थित तीन मंजिला आवासीय-व्यावसायिक भवन में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 15 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतकों की आयु लगभग 18 से 22 वर्ष के बीच थी तथा अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुईं।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दुःखद हृदयविदारक घटना के उपरांत राहत एवं सहायता कार्यों में तत्परता दिखाते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश सभापति एवं उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और तुरंत राहत कार्य प्रारंभ कराए गए। रेडक्रॉस की जनपद स्तरीय बैठक में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री सह सभापति इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि ऐसी घटनाएँ फर्स्ट एड एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बनाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी कार्यालयों, सामाजिक संस्थाओं तथा सार्वजनिक परिवहन से जुड़े कर्मियों को प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाना समय की आवश्यकता है।
डॉ. जौहरी ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी वर्षों से फर्स्ट एड एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संस्थानों से अनुरोध किया कि अधिकाधिक लोगों को रेडक्रॉस के माध्यम से प्रशिक्षित कराया जाए, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जनहानि को कम किया जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस संबंध में जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाने का अनुरोध किया जाएगा।
अंत में रेडक्रॉस सोसाइटी ने पुनः दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संकट की इस घड़ी में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश सभापति एवं उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में खड़ी है
इस बैठक में ऊॅं दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पाण्डेय, मीनू मिश्रा,बृजेश गुप्ता, राखी बनकोटी, अनुज जौहरी, अग्रज जौहरी अवनीश सक्सेना, आदि मौजूद रहे। अंत में रेडक्रॉस सचिव डॉ विजय जौहरी ने सभी का आभार प्रकट करते हुए मानव सेवा में सभी से सहयोगी भूमिका की अपेक्षा की
।

