ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गौतम बुद्ध नगर, 31 जुलाई। देश के महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद सरदार उधम सिंह के शहीदी दिवस पर सीटू (CITU) गौतम बुद्ध नगर की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान और देशभक्ति को नमन किया गया।
इस अवसर पर सीटू गौतम बुद्ध नगर के सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा “सीटू” ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन अन्याय, शोषण और साम्राज्यवाद के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है। उन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार में शहीद हुए निर्दोष भारतीयों का बदला लेने का संकल्प लिया और 21 वर्षों तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करने के बाद 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में पंजाब के तत्कालीन पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ड्वायर को गोली मारकर उस संकल्प को पूरा किया।
उन्होंने कहा कि शहीद उधम सिंह का बलिदान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, आत्मसम्मान और देशभक्ति की अमिट प्रेरणा है। उनका जीवन संदेश देता है कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में जब मेहनतकश वर्ग के अधिकारों और श्रमिक हितों से जुड़े अनेक मुद्दे सामने हैं, तब शहीद उधम सिंह के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक न्याय, समानता और श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से शहीद उधम सिंह के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा—
“शहीद उधम सिंह अमर रहें!”
“इंकलाब जिंदाबाद!”

