हत्या के प्रयास के पांच आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लाठी व ईंट बरामद
जौनपुर, 31 जुलाई। शाहगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपितों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, एक लाठी तथा एक ईंट बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं तथा प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, शाहगंज थाना क्षेत्र के समैसा गांव में 30 जुलाई को प्रवेश पुत्र छट्ठू अपने परिजनों के साथ ट्यूबवेल के पास धान की रोपाई के लिए गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी रामस्वारथ और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर धारदार हथियार एवं लाठी से हमला कर दिया, जिससे प्रवेश, महिमा और पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना के संबंध में वादी छट्ठू की तहरीर पर शाहगंज थाने में विभिन्न धाराओं में सात नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों—धीरज गौतम, रामस्वारथ, विद्या देवी, सीमा तथा पूतला उर्फ रिंका, सभी निवासी ग्राम समैसा, थाना शाहगंज—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लाठी और ईंट भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। शेष नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

