*वित्त मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनपद की सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 18 सड़कों पर हॉट मिक्स का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका है, जबकि 4 सड़कों पर सीसी निर्माण कार्य भी लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी लंबित कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आर्थिक स्वीकृति प्राप्त सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। इस दौरान यह भी अवगत कराया गया कि वाजिद अली तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण कार्य अगले सप्ताह से प्रारंभ किया जाएगा।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बैठक में मा० मंत्री को अवगत कराया कि सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने जलकल विभाग को पाइपलाइन लीकेज की समस्या पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाएं साझा करने के भी निर्देश दिए।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने नगर क्षेत्र में संचालित सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर वित्त मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

