पूर्वी यूपी की युवा शक्ति के बल पर तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था, पलायन रुका और रोजगार के अवसर बढ़े: योगी आदित्यनाथ

पूर्वी यूपी की युवा शक्ति के बल पर तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था, पलायन रुका और रोजगार के अवसर बढ़े: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ,(आरएनएस ) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश आज अपनी युवा शक्ति के बल पर तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय तीन गुना से अधिक बढ़ी है और अब यहां से पलायन की स्थिति नहीं है। क्षेत्र का युवा अपने ही जनपद और आसपास रोजगार प्राप्त कर रहा है तथा स्वरोजगार के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार सृजन का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूर्वी उत्तर प्रदेश विकास के मामले में किसी से पीछे नहीं है और तेजी से देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां प्रदान कर रहा है।मुख्यमंत्री मंगलवार को गोरखपुर में न्यूज18 द्वारा आयोजित विशेष कॉन्क्लेव ‘बदलता पूर्वी उत्तर प्रदेश’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश ने लंबे समय तक बीमारी, बाढ़, बेरोजगारी और अव्यवस्था की समस्या झेली है। बीमारी और रोजगार के अभाव के कारण इस क्षेत्र से बड़े पैमाने पर लोगों का पलायन हुआ। यहां के लोगों में प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिल पाए। अवसर मिलने पर पूर्वांचल के लोगों ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा और परिश्रम का लोहा मनवाया है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं हुआ। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। दोनों को मिलकर लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज शासन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को भी सकारात्मक भूमिका के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जब आम जनता बदलाव की चर्चा करती है, तभी उसे वास्तविक बदलाव माना जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत में पूर्वी उत्तर प्रदेश में काशी और प्रयागराज के अतिरिक्त विश्वविद्यालयों की संख्या बेहद सीमित थी, लेकिन पिछले नौ वर्षों में गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है। भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी काम आगे बढ़ा है।उन्होंने बेसिक शिक्षा में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले परिषदीय विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से अधिक थी। विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, खेल मैदान, फर्नीचर और अन्य सुविधाओं का अभाव इसका प्रमुख कारण था। आज बेसिक शिक्षा परिषद के लगभग सभी विद्यालयों को इन सुविधाओं से लैस किया गया है। विद्यालयों में अलग-अलग शौचालय, पेयजल, डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट कक्षाएं और फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। बच्चों को बिना भेदभाव दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते, मोजे और स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के 1.36 लाख विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से सुधार कार्य किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है। माध्यमिक शिक्षा के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जर्जर विद्यालयों और कॉलेजों के स्थान पर नए भवन, प्रयोगशालाएं और कक्षाएं तैयार की जा रही हैं।उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा वर्चुअल और भौतिक दोनों माध्यमों से कोचिंग से जुड़ सकते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सफल अधिकारी, जिलाधिकारी और संयुक्त मजिस्ट्रेट विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हैं।योगी ने कहा कि प्रदेश की 56 से 60 प्रतिशत आबादी युवा है और यह युवा प्रतिभा तथा ऊर्जा से भरपूर है। युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कौशल विकास केंद्रों और आईटीआई के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, अंतरिक्ष तकनीक, रोबोटिक्स और 3-डी प्रिंटिंग जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद प्रमाणपत्र और रोजगार के लिए कैंपस चयन की व्यवस्था भी की गई है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री इंटर्नशिप योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और कालाजार जैसी बीमारियों पर नियंत्रण का दावा करते हुए कहा कि एक समय जुलाई से नवंबर तक का समय पूर्वांचल के परिवारों के लिए भय का कारण बनता था। बाढ़ के बाद इन बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों ने इंसेफेलाइटिस की रोकथाम और उपचार के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने दो वर्ष के भीतर इस समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी काम किया और आज इन बीमारियों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा चुका है।उन्होंने कहा कि गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशियलिटी केंद्र के रूप में विकसित हुआ है और गोरखपुर में एम्स भी संचालित है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। उनके अनुसार ये संस्थान केवल उपचार केंद्र नहीं, बल्कि लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और विश्वास के केंद्र बनकर उभरे हैं।मुख्यमंत्री ने आधारभूत ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से अंतरराज्यीय संपर्क बेहतर हुआ है। पहले गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने में करीब आठ घंटे लगते थे, जबकि अब लगभग तीन घंटे में यात्रा पूरी हो सकती है। वाराणसी की दूरी भी पहले पांच से छह घंटे में तय होती थी, जो अब करीब ढाई घंटे में पूरी हो रही है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से अब 14 उड़ानें संचालित हो रही हैं। बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क के कारण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आया है।योगी ने कहा कि माफिया और मच्छर कभी पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए थे। माफिया के कारण निवेश और रोजगार प्रभावित होते थे, जबकि मच्छर बीमारियों का कारण बनते थे। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया से मुक्त किया है और अब पूर्वांचल युवा शक्ति के बल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री के अनुसार गोरखपुर में पिछले नौ वर्षों में हुए निवेश से करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। दूसरे राज्यों के उद्यमी भी अब गोरखपुर में निवेश करने के इच्छुक हैं। उन्होंने गोरखपुर के उर्वरक कारखाने, पिपराइच और मुंडेरवा चीनी मिलों तथा खजनी के कंबल कारखाने के दोबारा संचालन का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्य कभी असंभव लगते थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम किया है।उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में भी पूर्वी उत्तर प्रदेश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख किया। योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या का राम मंदिर और प्रयागराज सहित धार्मिक पर्यटन स्थलों ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी है। पर्यटकों के आने से होटल, रेस्तरां, टैक्सी, फूल-माला, स्थानीय बाजार और नाविकों सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उनके अनुसार आस्था के साथ पर्यटन ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ-दस वर्षों में जिसे बीमारू क्षेत्र के रूप में देखा जाता था, वही पूर्वी उत्तर प्रदेश आज शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, निवेश और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके पीछे प्रदेश के युवाओं का परिश्रम तथा प्रतिभा प्रमुख आधार है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब विकसित उत्तर प्रदेश बनेगा और विकसित उत्तर प्रदेश के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड का समान गति से विकास जरूरी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकास की मौजूदा गति के आधार पर उत्तर प्रदेश अगले तीन वर्षों में एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता मिली है। उन्होंने इसे गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ‘बदलता पूर्वी उत्तर प्रदेश’ कॉन्क्लेव को लखनऊ के बजाय गोरखपुर में आयोजित करना इस बात का प्रतीक है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश अब विकास और आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नेपाल और बिहार के बड़े हिस्से के लिए भी शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।

——————-

मॉडल संकुल स्तरीय संघ के एमआईएस सहायकों और लेखाकारों का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संप

न्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *