सामुदायिक केन्द्र, रोहटा रोड, मेरठ में किया गया विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मेरठ। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितम्बर, 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक वादों के निस्तारण हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ द्वारा युद्ध स्तर पर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ोसामुदायिक केन्द्र, रोहटा रोड, मेरठ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, इसकी उपयोगिता तथा लोक अदालत के माध्यम से लंबित एवं प्री-लिटिगेशन वादों के सरल, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के संबंध में जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि लोक अदालत विवादों के निस्तारण का एक प्रभावी वैकल्पिक माध्यम है, जिसमें पक्षकारों की आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाता है। इससे पक्षकारों को समय एवं धन की बचत होती है तथा अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया से भी राहत मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को 12 सितम्बर, 2026 को आयोजित होने बाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी अवगत कराया गया।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के शमनीय आपराधिक वाद, दीवानी वाद, पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण संबंधी प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, विद्युत एवं श्रम संबंधी विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण तथा अन्य उपयुक्त मामलों का नियमानुसार आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में आमजन से अपील की गई कि जिन व्यक्तियों के मामले न्यायालय में लंबित हैं अथवा जो अपने विवाद का आपसी सहमति से समाधान चाहते हैं, वे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 सितम्बर, 2026 का लाभ उठाएं तथा अपने प्रकरण के निस्तारण हेतु संबंधित न्यायालय/प्राधिकरण से संपर्क करें।
कार्यक्रम में श्रीमती प्रियंका रानी प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ, समाज कल्याण अधिकारी, मेरठ, उप श्रम आयुक्त, मेरठ, तहसीलदार सदर, मेरठ, ग्राम प्रधान, रोहटा तथा पराविधिक स्वयं सेवक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

