(धमतरी) सरकारी नौकरी-आवास का सपना दिखाकर, 9 लाख रुपये डकारने वाले महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

(धमतरी) सरकारी नौकरी-आवास का सपना दिखाकर, 9 लाख रुपये डकारने वाले महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
धमतरी ,21 सितंबर (आरएनएस)। मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर युवक से 9 लाख 8 हजार रुपये की ठगी करने वाले महिला समेत दो आरोपियों को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर युवक को भरोसे में लिया और महानदी भवन के बाहर तक ले जाकर सरकारी आवास दिलाने का झांसा दिया।
पुलिस के मुताबिक फरवरी 2024 में भानपुरी निवासी मनीष साहू (27) की मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। आरोपियों ने पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताते हुए आवंटन कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में बैंक खाते, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए 9.08 लाख रुपये ले लिए। साथ ही दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए। रकम वापस मांगने पर केवल 2,98,999 रुपये लौटाए गए।
शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों शशि प्रभा साहू (50), निवासी नगरी, हाल रायपुर और अमित कुमार देवांगन (38), निवासी भाठापारा, रायपुर, को पकड़ा और 20 सितंबर को गिरफ्तार कर  न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।
०००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *