गोमती में डूबी किशोरी के परिवार को चार लाख की सहायता

गोमती में डूबी किशोरी के परिवार को चार लाख की सहायता
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मृतका की मां को सौंपा आपदा राहत का चेक, परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा
फोटो-01
बाराबंकी। कोतवाली असंद्रा क्षेत्र के लकड़िया गांव में चार दिन पहले गोमती नदी में डूबने से हुई 14 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद मंगलवार को प्रदेश के खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मृतका की मां सोना देवी को दैवीय आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। लकड़िया गांव निवासी सुरेश निषाद की 14 वर्षीय बेटी मनीषा 18 सितंबर को गांव के बाहर गोमती नदी के किनारे अपने जानवर चराने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिवार और पुलिस को दी। किशोरी के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तलाश शुरू कराई। किशोरी की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर लगाया गया। टीम ने लगातार प्रयास किया, जिसके बाद 19 सितंबर को मनीषा का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और मृतका की मां सोना देवी से मुलाकात कर उन्हें चार लाख रुपये की आपदा राहत सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी, भाजपा नेता मनोज सिंह, प्रदीप सिंह और रिम्पू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। भाजपा नेता मनोज सिंह ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। शासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को परिवार को राहत राशि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मनोज सिंह ने पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने के लिए राज्यमंत्री का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *