(नईदिल्ली)प्रधानमंत्री मोदी कर सकते हैं अमेरिका का दौरा, राष्ट्रपति ट्रंप से द्विपक्षीय वार्ता की भी संभावना
0-14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा में होगा जी-20 शिखर सम्मेलन, कनाडा यात्रा की भी संभावना
नई दिल्ली,23 सितंबर (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में अमेरिका दौरे पर जाने की संभावना है। अमेरिका के फ्लोरिडा में 14 और 15 दिसंबर को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। सम्मेलन की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। हालांकि, भारत सरकार की ओर से प्रधानमंत्री के दौरे की अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, जी-20 शिखर सम्मेलन फ्लोरिडा स्थित ट्रंप नेशनल डोरल मियामी रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। यदि प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन में शामिल होते हैं तो उनके और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक की भी संभावना है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली संभावित वार्ता में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठ सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की संभावित मुलाकात ऐसे समय में होगी, जब भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। दोनों देश अंतरिम व्यापार समझौते की दिशा में भी चर्चा कर रहे हैं।
भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में रूस से भारत द्वारा कच्चे तेल की खरीद और उससे जुड़े अमेरिकी शुल्क का मुद्दा भी महत्वपूर्ण बना हुआ है। हाल की रिपोर्टों के अनुसार अमेरिका की ओर से रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की व्यवस्था को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव बढ़ा है। रॉयटर्स ने भी इसे दोनों देशों के बीच जारी व्यापार वार्ता को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पहले कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं, जिनसे राष्ट्रपति ट्रंप जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात करना चाहेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा केवल जी-20 बैठक तक सीमित नहीं रह सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की पिछली मुलाकात जून में फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी सहित भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।
दिसंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के आसपास क्वाड देशों के नेताओं की बैठक आयोजित किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
संभावित बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज, उभरती प्रौद्योगिकियां और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, इस बैठक के कार्यक्रम की भी अभी औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी के दिसंबर के संभावित विदेश दौरे में कनाडा भी शामिल हो सकता है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उन्हें दिसंबर के आसपास प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को लेकर बातचीत भी जारी है।
कार्नी के अनुसार, भारत और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है और दोनों पक्ष इस वर्ष के अंत तक समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। कनाडाई प्रधानमंत्री ने जून में फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात भी की थी।
जी-20 सम्मेलन के दौरान पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी युद्ध की स्थिति भी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों में शामिल रह सकती है। वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े विषयों के साथ इन मुद्दों पर भी सदस्य देशों के नेताओं के बीच चर्चा की संभावना है।
फिलहाल प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिका और कनाडा दौरे की अंतिम रूपरेखा तथा आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है। अमेरिका में जी-20 शिखर सम्मेलन 14-15 दिसंबर को आयोजित होना तय है।
००

