मूसलाधार बारिश के बीच शहीद भगत सिंह प्रथम वार्ड का महापौर ने लिया जायजा, जलभराव रोकने के निर्देश
लखनऊ (आरएनएस )। पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने शनिवार को शहीद भगत सिंह प्रथम वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया।महापौर ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जल निकासी एवं जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के कारण किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए नालियों एवं नालों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें और कहीं से भी जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।इस मौके पर मा० पार्षद श्रीमती कल्पना वर्मा जी सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————

