अयोध्या।(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ अयोध्या) दिसम्बर महीने के अंत में मौसम ने अपना शबाब दिखा ही दिया।जिले में मंगलवार से दिन भर बादल छाए रहे।वही बुधवार को रुक-रुककर बूंदाबांदी भी होती रही।इस ठंड के बावजूद स्कूल कालेज न बंद होने के चलते बुधवार को सुबह छोटे छोटे बच्चे ठंड से ठिठुरते हुये स्कूल जाते दिखे।मालूम हो कि मंगलवार को शाम होते-होते ठंडी-ठंडी हवाओं ने अपना रुख बता दिया और लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया।वही बुधवार को ठंड बढ़़ गयी। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है बुधवार को भी बूंदाबांदी की संभावना है। नए साल का स्वागत कड़ाके की ठंड से होगा। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से प्रदेश भर में मौसम में परिवर्तन आया है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण ठंडक भी बढ़ गई है। जिले में सुबह से ही मौसम खराब दिखने लगा था। हल्के-हल्के बादल छाए हुए थे। थोड़ी देर बाद धूप निकली, लेकिन फिर से बादल हो गए। दिन में काम पर निकले लोग भी सड़कों पर जल रहे अलाव के पास हाथ सेंकते नजर आए। शाम होते-होते ठेलों पर लोग चाय की चुस्कियों के साथ ठंड का आनंद लेते भी देखे गए। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के पर्यवेक्षक शंख माधव त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं 2.8 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। अगले दो दिनों तक बूंदाबांदी होने का अनुमान है। पछुआ हवाएं चलने के बाद मौसम साफ होगा तो उसके बाद कोहरा पड़ना शुरू हो जाएगा। नए साल पर कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। न्यूनतम पारा 4 डिग्री व उससे नीचे भी जा सकता है

