गोरखपुर गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के सराय गुलरिहा गांव में अपेक्स स्कूल के पीछे मकान बनाकर रह रहे युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव निवासी इरशाद (26) पुत्र मोहम्मद हकीम गुलरिहा थाना के सराय गुलरिहा गांव में अपेक्स स्कूल के पीछे दो सालों से मकान बनवा कर रह रहा था। इस बीच गुरुवार देर रात घर में आगे के कमरे में सोया था। कमरे में दरवाजा नहीं लगा हुआ था।
इस बीच रात में अज्ञात बदमाशों ने सिर व गले पर चाकू से वार कर दिया। चीख सुनकर घर के अंदर सो रही बहन आफरीन, यास्मीन व मां रूकसाना खातून पहुंची। घायल इरसाद को मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल युवक बरगदही स्थित एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक है। इसके साथ-साथ मेडिकल की तैयारी भी करता है, पिता सऊदी अरब में कमाते हैं। देर रात घटनास्थल पर एसएसपी डॉक्टर विपिन टांडा पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

